अगर आप इलेक्ट्रिक कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं लेकिन ज्यादा डाउन पेमेंट और भारी EMI की वजह से रुक जाते हैं, तो किआ का नया ऑफर आपके काम का हो सकता है। किआ इंडिया ने अपनी इलेक्ट्रिक MPV Carens Clavis EV के लिए नया Battery-as-a-Service (BaaS) फाइनेंस प्रोग्राम लॉन्च किया है, जिससे ग्राहकों को कार खरीदना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।
इस नए मॉडल में कंपनी ने ड्यूल-लोन सिस्टम पेश किया है। यानी कार के बॉडी (चेसिस) और बैटरी के लिए अलग-अलग लोन होंगे। इसका फायदा यह है कि शुरुआती खर्च और मासिक EMI दोनों कम हो जाती हैं।

स्टैंडर्ड बैटरी पैक वाले मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 17.99 लाख रुपये रखी गई है। इसमें ग्राहक सिर्फ 51,520 रुपये की शुरुआती डाउन पेमेंट देकर कार घर ला सकते हैं। इस वेरिएंट में चेसिस की कीमत 12.84 लाख रुपये है और इसकी मासिक EMI 26,650 रुपये से शुरू होती है।
वहीं, ज्यादा रेंज चाहने वालों के लिए एक्सटेंडेड बैटरी पैक विकल्प भी मौजूद है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 21.99 लाख रुपये है। इसमें 60,452 रुपये से डाउन पेमेंट शुरू होती है, जबकि मासिक EMI 33,099 रुपये से शुरू होगी। इस वेरिएंट के चेसिस की कीमत 15.94 लाख रुपये तय की गई है।
दोनों विकल्पों में बैटरी खरीदने की जरूरत नहीं होगी। ग्राहक बैटरी के लिए 3.3 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से सब्सक्रिप्शन शुल्क देंगे। वाहन लोन की अवधि 60 महीने, जबकि बैटरी लोन की अवधि 96 महीने तक रखी गई है। इससे EMI का बोझ और कम हो जाता है।

इस फाइनेंस प्लान को ICICI Bank, HDFC Bank, Axis Bank, Kotak Mahindra Bank और Bajaj Finserv का सपोर्ट मिला है, जिससे ग्राहकों को फाइनेंसिंग के ज्यादा विकल्प मिलेंगे।
जो लोग रोज कम दूरी तय करते हैं, उनके लिए यह मॉडल काफी फायदेमंद साबित हो सकता है, क्योंकि बैटरी का खर्च इस्तेमाल के हिसाब से देना होगा। साथ ही ग्राहकों को साफ पता रहेगा कि वे कार और बैटरी पर अलग-अलग कितना खर्च कर रहे हैं।
Carens Clavis EV किआ की भारत में बनी पहली इलेक्ट्रिक कार है, जिसे 2025 में लॉन्च किया गया था। चार्जिंग को आसान बनाने के लिए कंपनी MyKia ऐप के K-Charge प्लेटफॉर्म के जरिए देशभर में 15,000+ चार्जिंग पॉइंट्स तक एक्सेस देती है। इसमें लाइव चार्जर स्टेटस, EV रूट प्लानिंग और डिजिटल पेमेंट जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।
इसके अलावा, किआ के 100+ डीलरशिप्स पर DC फास्ट चार्जर और 267+ EV-रेडी सर्विस वर्कशॉप्स उपलब्ध हैं।
भारत में टू-व्हीलर EV सेगमेंट में BaaS मॉडल पहले से सफल रहा है, लेकिन पैसेंजर कार सेगमेंट में यह अभी नया है। ऐसे में किआ का यह कदम इलेक्ट्रिक कार बाजार में बड़ा बदलाव ला सकता है, खासकर उन परिवारों के लिए जो कम बजट में EV खरीदना चाहते हैं।







